सीधी जिले के चुरहट से एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पीड़िता सरोज तिवारी और प्रिया तिवारी ने चुरहट थाना प्रभारी दीपक बघेल पर रिश्वत मांगने और अपराधियों को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है।
वीडियो में पीड़िता का कहना है—
“थाना प्रभारी ने मुझसे ₹25,000 की रिश्वत मांगी। मैंने पैसे देने से मना किया तो उन्होंने मुझे ही अपराधी बना दिया। वे कहते हैं – ‘मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता, पुलिस ही जांच करेगी, मेरी विभागीय जांच कोई कर ही नहीं सकता, इस महीने निरीक्षक बन जाऊंगा।’”
पीड़िता ने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी, स्थानीय दबंग सुशील त्रिपाठी, रामकुमार त्रिपाठी और ओमप्रकाश शुक्ला को बचाने में जुटे हुए हैं, जबकि उन्हीं के द्वारा पीड़ित परिवार पर हमला किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को संबोधित करते हुए पीड़िता ने कहा—
“जब से आप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री बने हैं, कानून व्यवस्था बिगड़ गई है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, और ऐसे थाना प्रभारी खुलेआम कानून का मजाक उड़ा रहे हैं।”
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री, गृह विभाग और रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक से मांग की है कि चुरहट थाना प्रभारी दीपक बघेल को तत्काल निलंबित कर, स्वतंत्र एजेंसी से निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
