
रीवा 21 अगस्त 2025. कलेक्ट्रेट के बाणसागर सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सड़क दुर्घटनाएं रोकने तथा सड़कों के निर्माण कार्य की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सड़क निर्माण से जुड़े सभी विभागों के अधिकारी जिले के सड़क नेटवर्क की जानकारी ई डॉर पोर्टल पर दर्ज करा दें। पोर्टल में दुर्घटना के संबंध में एलर्ट आने पर सड़क संबंधी जानकारी तत्काल दर्ज करें। सड़क निर्माण से जुड़े सभी अधिकारी बारिश समाप्त होते ही सड़कों में सुधार का कार्य शुरू करा दें। इसके लिए टेण्डर तथा अन्य कार्यवाहियाँ समय पर कर लें। ओवरब्रिज एवं पुलों में भी मेंटीनेंस का कार्य नियमित रूप से करें। सड़क निर्माण से जुड़े भू अर्जन के प्रकरणों की जानकारी हर सप्ताह टीएल बैठक में प्रस्तुत करें जिससे इनका समय पर निराकरण किया जा सके। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए तय समय सीमा में निर्माण पूरा कराएं।















